झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। वह अपने दोस्त की सगाई समारोह में शामिल होकर बाइक से लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान दतिया के बसई गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक लोधी के रूप में हुई है। वह दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और तीन दिन पहले अपने गांव आया था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त की सगाई में शामिल होने गया था और वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक जैसे ही बबीना क्षेत्र के गुरुनानक वर्कशॉप के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, हाथ और पैरों में गहरी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक के बड़े भाई की शादी 30 अप्रैल को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


