22.5 C
Lucknow
Tuesday, February 24, 2026

बीपी चेक कराने को लेकर युवक का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा

Must read

ईंट-पत्थरों से हमला, तोड़फोड़ व आगजनी; वार्ड बॉय ने दी तहरीर

शमशाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बीपी चेक कराने आए एक युवक ने हंगामा करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया और तोड़फोड़ के साथ आगजनी की घटना को अंजाम दिया। घटना में हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित वार्ड बॉय ने आरोपी के खिलाफ शमशाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार अपरान्ह करीब 2 बजे जीशान नामक एक युवक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद पहुंचा और वार्ड बॉय से बीपी चेक करने को कहा। उस समय फार्मासिस्ट के मौजूद न होने की बात कहे जाने पर युवक आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते हंगामा करने लगा।

वार्ड बॉय द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में स्वास्थ्य केंद्र के दरवाजों और खिड़कियों में लगे शीशे टूट गए। इतना ही नहीं, आरोपी ने धक्का देकर दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख वार्ड बॉय जान बचाने के लिए अंदर भागा और खुद को कमरे में बंद कर लिया।

बताया गया है कि आरोपी ने काफी देर तक तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में कुछ जीवन रक्षक दवाइयां जलकर नष्ट हो गईं। शोर-शराबा सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो चुका था।

पीड़ित वार्ड बॉय के अनुसार उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसने फार्मासिस्ट शैलेंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही चिकित्सा प्रभारी शमशाबाद एवं मुख्य चिकित्साधिकारी फर्रुखाबाद को भी अवगत कराया गया।

घटना से सहमे वार्ड बॉय ने आरोपी जीशान के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य केंद्र में हुई इस घटना से कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थानों में इस प्रकार की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article