कोखराज थाना क्षेत्र में एक महिला से रकम दोगुनी करने का झांसा देकर छह लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी और उसके सहयोगी ने फर्जी कंपनी के नाम पर पॉलिसी बॉन्ड थमाकर महिला को विश्वास में लिया और निवेश के नाम पर रकम हड़प ली। अवधि पूरी होने पर जब महिला ने पैसा मांगा तो ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता हीरामनी निवासी वार्ड 16 अंबाहा ने पुलिस को बताया कि उनके पति रामबरन पटेल टीबी से पीड़ित थे, जिनके इलाज के लिए उन्हें कीमती जमीन बेचनी पड़ी। इलाज के बाद शेष बचे छह लाख रुपये उनके बैंक खाते में जमा थे। आरोप है कि पड़ोसी शिवबरन सिंह को इसकी जानकारी हो गई और उसने अपने सहयोगी रामप्रकाश निवासी देवराजपुर, थाना सुल्तानपुर घोष, जिला फतेहपुर के साथ मिलकर निवेश का झांसा दिया।
बताया गया कि 27 अक्तूबर 2015 को निवेश की गई रकम छह साल बाद 27 अक्तूबर 2021 को दोगुनी होकर 12 लाख रुपये हो जाएगी, जिससे बेटियों की शादी में मदद मिलेगी। झांसे में आकर पीड़िता ने आरटीजीएस के माध्यम से छह लाख रुपये रामप्रकाश के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बदले में तीन-तीन लाख रुपये के दो पॉलिसी बॉन्ड ‘सर्वजना कार्पोरेशन प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ के नाम से दिए गए, जिन पर फरीदाबाद स्थित कार्यालय का पता अंकित था।
समय पूरा होने पर जब पीड़िता ने अपनी रकम मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में दो लाख रुपये का चेक दिया गया, जबकि शेष रकम मांगने पर कथित रूप से धमकी दी जाने लगी। थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


