22.3 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

होलिका दहन की तैयारी के दौरान छत से गिरकर महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

Must read

औरैया: जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर में होलिका दहन की तैयारी के बीच एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और होली की खुशियां मातम में बदल गईं।

गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी राजू कुमार बाथम मंगलवार रात अपने घर में होलिका दहन की तैयारी कर रही थीं। बताया गया कि उन्होंने अपने बेटे से छत पर लगा जाल (ग्रिल) खोलने के लिए कहा था। बेटा जाल खोलकर नीचे आ गया। इसके बाद सुनीता देवी किसी काम से कमरे में चली गईं और फिर आंगन में पहुंचकर खुद छत पर चली गईं। अंधेरा होने के कारण उन्हें यह दिखाई नहीं दिया कि छत का जाल पहले से खुला हुआ है। जैसे ही वह आगे बढ़ीं, संतुलन बिगड़ गया और वह खुले जाल से सीधे नीचे आंगन में गिर पड़ीं।

घर के बाहर मौजूद स्वजन में से एक बेटा जब उन्हें बुलाने के लिए अंदर गया तो मां को आंगन में पड़ा देख चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास मौजूद लोग कार्यक्रम स्थल छोड़कर घर के अंदर पहुंचे। गंभीर हालत में सुनीता देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका के पति राजू कुमार बाथम और उनके पांच बेटे शिवम, विकास, हिमांशु, अवनीश और पवनीश का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक छानबीन की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि स्वजन द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया गया, जिसके चलते आवश्यक कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार दोपहर नम आंखों से सुनीता देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में गहरा शोक व्याप्त है और त्योहार की रौनक गम में बदल गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article