24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

चलती रोडवेज बस में महिला परिचालक पर हमला, टिकट मांगने पर मारपीट कर लूटपाट से मचा हड़कंप

Must read

 

एटा। जनपद के अवागढ़ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां चलती रोडवेज बस में महिला परिचालक के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि लूटपाट की वारदात को भी अंजाम दिया गया। घटना के बाद परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वहीं यात्रियों में भी दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज डिपो की एक रोडवेज बस कासगंज से आगरा के लिए रवाना हुई थी। जब बस अवागढ़ कस्बे के पास पहुंची, तभी एक युवक बस में सवार हुआ। महिला परिचालक ने जब उससे टिकट लेने के लिए कहा, तो वह भड़क गया और अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उसने टिकट लेने से इनकार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब आरोपी युवक ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। थोड़ी ही देर में दर्जनभर युवक बस में चढ़ आए और उन्होंने महिला परिचालक पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने परिचालक के बाल पकड़कर उसे खींचा, उसके साथ मारपीट की और चलती बस से नीचे फेंकने का भी प्रयास किया। बीच-बचाव करने आए बस के चालक और अन्य स्टाफ को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई।
हमलावरों ने इस दौरान बस में रखी नकदी और अन्य सामान भी लूट लिया, जिससे घटना ने और गंभीर रूप ले लिया। घटना के दौरान बस में बैठे यात्री सहमे रहे और किसी तरह अपनी जान बचाने में जुटे रहे।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कासगंज नीरज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बसों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article