औरैया। सहार थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा इमलिया में बुधवार देर रात एक आवारा सांड खेत में बने खुले बोरवेल में गिर गया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पुरवा इमलिया निवासी दीप चंद्र कश्यप गुरुवार सुबह जब अपने खेत पर पहुंचे, तो उन्हें किसी पशु के कराहने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाकर देखा तो पास ही राम नरेश पाल के खेत में स्थित खुले पड़े संकरे बोरवेल में एक आवारा सांड फंसा हुआ था। सांड काफी गहराई में गिर गया था और बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था।
दीप चंद्र कश्यप ने तत्काल अन्य ग्रामीणों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिधूना स्थित फायर स्टेशन को सूचित किया। फायर स्टेशन प्रभारी यतींद्र सिंह यादव के नेतृत्व में दमकल कर्मियों की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
बोरवेल अत्यंत संकरा होने के कारण सांड को बाहर निकालना आसान नहीं था। पहले रस्सियों और अन्य उपकरणों से प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुलडोजर मंगवाकर बोरवेल के चारों ओर सावधानीपूर्वक खुदाई कर गड्ढे को चौड़ा किया गया, ताकि सांड को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा रही और सभी ने सहयोग किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकलते ही सांड ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने दमकल और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में खुले पड़े बोरवेल को लेकर चिंता जताई और प्रशासन से ऐसे खतरनाक गड्ढों को तत्काल बंद कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी पशु या व्यक्ति के साथ ऐसी दुर्घटना न हो।


