27 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलटी, 200 मीटर घिसटते हुए खड्ड में गिरी; चार दोस्त गंभीर घायल

Must read

औरैया। बिधूना मार्ग पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और करीब 200 मीटर तक घिसटते हुए गहरे खड्ड में जा गिरी। भीषण हादसे में कार सवार चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए कन्नौज के तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के रहने वाले चार युवक मंगलवार रात करीब 10 बजे कार से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बेला थाना क्षेत्र के गांव छैरी के पास पुलिया के निकट पहुंची, तभी चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण कार पहले सड़क पर पलटी और फिर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद सड़क किनारे बने गहरे खड्ड में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और चारों युवक उसके अंदर फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया।

निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने दो युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत रेफर कर दिया। इसके बाद चारों घायलों को कन्नौज जिले के तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से एक युवक ने अपना नाम सुनील कुमार बताया है, जबकि अन्य तीन युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक ग्रामीण घायलों को अस्पताल ले जा चुके थे। पुलिस कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों से संपर्क कर उनकी पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article