बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर (Bulandshahr) जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तेज रफ्तार कार ने Scorpio को ठोकर मारने के बाद ई-रिक्शा को भी चपेच में लिया। घटना में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
खबरों के मुताबिक, घटना सिकंदराबाद के कटाखेड़ा के पास घटी है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक स्कार्पियो को ठोकर मारी और उसके बाद एक ई-रिक्शा से जा भिड़ी। हादसा इतना भयानक था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। घटना होता देख आसपास के लोग चीख पड़े, जिसके बाद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। घटना में ई-रिक्शा चालक विशाल (28) की मौत हो गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। घटना की वजह तेज रफ्तार को बताया जा रहा है।


