हरदोई लोनार कोतवाली क्षेत्र के न्योरादेव गांव में 33 केवी हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया। चिंगारी सीधे किसान बलबीर सिंह के खेत में गिरी, जहां सूखी फसल ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 6 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास के खेतों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने की आशंका के बीच गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए पेड़ों की डालियों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी सूझबूझ के कारण आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे आसपास की अन्य फसलें बच गईं। हालांकि तब तक बलबीर सिंह की पूरी फसल जल चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कुछ देर और हो जाती, तो कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता।
घटना के बाद किसानों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि जर्जर तारों और लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। एसडीएम सदर सुशील मिश्रा ने बताया कि नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम भेज दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा। वहीं अधिशासी अभियंता ने जर्जर तारों की मरम्मत के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


