कंपिल: शीत लहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए समाजसेवी संस्था की ओर से मानवता का परिचय देते हुए कंपिल थाने (Kampil police station) में तैनात चौकीदारों को गर्म कपड़े एवं कंबल (clothes and blankets) वितरित किए गए। यह कार्यक्रम जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के मंत्री एवं समाजसेवी पुखराज डागा ने कहा कि इन दिनों क्षेत्र में भीषण ठंड पड़ रही है।
ऐसे में चौकीदार रात-रात भर जागकर, परिवार से दूर रहकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल चौकीदार ही नहीं, बल्कि समाज के ऐसे लोग जिनके पास ठंड से बचने के पर्याप्त साधन नहीं हैं, उन्हें इस मौसम में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सके। इस अवसर पर थाना प्रभारी नितिन कुमार, दारोगा प्रेमपाल, सिपाही धर्मेंद्र, गुलशन, हनी सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।


