26 C
Lucknow
Wednesday, April 8, 2026

रोडवेज बस अड्डे पर चालकों-परिचालकों के बीच मारपीट, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली रूट की बसों को पहले रवाना करने को लेकर दो बसों के चालक और परिचालक आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई और फिर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की व गाली-गलौज शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि एक चालक ने दूसरी बस की चाबी निकाल ली, जिससे बस बीच में ही खड़ी रह गई। इसी दौरान दोनों बसें आपस में हल्के रूप से टकरा भी गईं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद अन्य रोडवेज कर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी भी पहुंचे और दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद यह तय किया गया कि बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही किया जाएगा।
घटना के बाद कुछ देर के लिए बसों का संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर बसों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि रोडवेज बस अड्डे पर इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। अलग-अलग डिपो के कर्मचारियों के बीच आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति बनती रहती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article