लखनऊ। राजधानी से पश्चिम बंगाल और झारखंड की यात्रा अब और अधिक आसान होने जा रही है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने आनंद विहार से लखनऊ होकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया तक नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन 14 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से इस ट्रेन सेवा का वर्चुअल या औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
रेलवे प्रशासन द्वारा उद्घाटन के दिन संचालित होने वाली विशेष ट्रेन के संचालन की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही नियमित रूप से चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन का टाइम टेबल और विस्तृत नोटिफिकेशन भी जल्द जारी होने की संभावना है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम बंगाल के पुरुलिए से शुरू होकर झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी। ट्रेन का मार्ग पुरुलिया से रामगढ़, रांची , लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रोहतास, कैमूर, चंदौली, वाराणसी , अयोध्या , लखनऊ , बरेली और मुरादाबाद होते हुए दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक पहुंचेगी। इस तरह यह ट्रेन कई राज्यों और प्रमुख शहरों को जोड़ने का कार्य करेगी।
अभी तक पुरुलिया और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सीमित ट्रेन सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता था। फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलने वाली अमृतसर –टाटानागर एक्सप्रेस पर ही अधिकतर यात्रियों को निर्भर रहना पड़ता है। इस ट्रेन में सीटों की उपलब्धता भी सीमित रहती है, जिसके कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा और विभिन्न राज्यों के बीच आवागमन भी आसान होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि यह नई ट्रेन सेवा पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से विशेष रूप से छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी लाभ होगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रेलवे विभाग का मानना है कि नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद राजधानी लखनऊ सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और किफायती हो जाएगी। आने वाले समय में इस ट्रेन के नियमित संचालन का विस्तृत समय सारिणी जारी होने के बाद यात्रियों को टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध करा दी जाएगी।


