बाराबंकी जिले के माती क्षेत्र में किसान पथ हाईवे पर धौरमऊ गांव के पास बुधवार को एक चलती डीसीएम में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब वाहन हाईवे से गुजर रहा था। अचानक वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि डीसीएम के पीछे आ रहे एक अन्य वाहन चालक ने सबसे पहले आग लगने की जानकारी दी और इशारा कर डीसीएम चालक को सतर्क किया। सूचना मिलते ही चालक और कंडक्टर ने तुरंत वाहन रोक दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में रखा घरेलू सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।


