44 विभागों की स्टॉल पर मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, जिला जज भी रहेंगे मौजूद
फर्रुखाबाद: आम नागरिकों एवं वृद्धजनों की जन समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी को सुबह 10 बजे फतेहगढ़ (Fatehgarh) स्थित ऑफिसर क्लब परिसर (Officers Club Complex) में बृहद मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह मेगा कैंप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला जज नीरज कुमार भी उपस्थित रहेंगे।
नोडल अधिकारी/अपर जिला जज संजय कुमार VI ने बताया कि कैंप का उद्देश्य आम लोगों को विधिक साक्षरता के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि अधिकार मित्र एवं पैरा लीगल वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को कैंप की जानकारी देंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
प्राधिकरण की सचिव प्रियंका गांधी ने जानकारी दी कि इस मेगा कैंप में लगभग 44 विभागों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों पर वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया जाएगा।
कैंप में अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर पात्र लाभार्थियों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को सुबह 10 बजे फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर क्लब पहुंचकर मेगा कैंप का अधिकतम लाभ उठाएं।


