कासगंज। जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र में सोरों-सहवर रोड स्थित एक निजी कोल्ड स्टोर में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग कोल्ड स्टोर के हॉल नंबर 3 में लगी, जहां भारी मात्रा में धान का भूसा रखा हुआ था। आग की सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद कासगंज से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग कोल्ड स्टोर की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में लगी, जिससे हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो गए। जिस स्थान पर आग लगी थी, वहां धान का भूसा भरा हुआ था, जिसका उपयोग कोल्ड स्टोरेज के तापमान को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। भूसा होने के कारण आग तेजी से सुलगने लगी और धुआं पूरे हॉल में फैल गया।
दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कोल्ड स्टोर की ऊपरी मंजिल पर टीन शेड होने के कारण आग तक सीधे पहुंचना मुश्किल हो गया। ऐसे में आग पर काबू पाने के लिए दमकल टीम द्वारा टीन शेड को ऊपर से तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अंदर तक पानी पहुंचाया जा सके।
कोल्ड स्टोर के कर्मचारियों के मुताबिक, आग पहले धीरे-धीरे सुलग रही थी, लेकिन समय रहते इसकी जानकारी हो गई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दे दी गई, जिससे बड़ी घटना होने से बचाव हो सका। मौके पर एक दर्जन से अधिक दमकल कर्मी लगातार सीढ़ियों के सहारे तीसरी मंजिल तक पहुंचकर आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से कोल्ड स्टोर में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है।


