33 C
Lucknow
Thursday, April 2, 2026

ज्वेलर के तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग

Must read

– युवती ने जान बचाने को लगाई छलांग, दमकल ने 5 लोगों को सुरक्षित निकाला

लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक ज्वेलर के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना दरोगा खेड़ा स्थित पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट के पास करीब सुबह 3:30 बजे हुई। उस समय घर के अंदर परिवार के छह लोग सो रहे थे, लेकिन आग फैलते ही सभी की नींद खुल गई और जान बचाने के लिए हड़बड़ी मच गई।

मकान मालिक अजय रस्तोगी (49) अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी अनीता वर्मा (47), बेटा विनायक (16), बेटी शीतल वर्मा (30), छह वर्षीय पोती विरानिका और घर में काम करने वाली तन्नू (22) शामिल थीं। बताया जा रहा है कि आग तीसरी मंजिल पर बने किचन से शुरू हुई और तेजी से नीचे की ओर फैलने लगी।

आग की लपटें बढ़ती देख घर में मौजूद तन्नू घबरा गई और जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने सीढ़ी लगाकर एक मासूम बच्ची समेत परिवार के पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मकान में भीषण आग धधकती रही, लेकिन समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकान में लगी लिफ्ट पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि करीब सात एसी भी आग की भेंट चढ़ गए। अजय रस्तोगी के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब पौने दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि उन्होंने दमकल विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम की वजह से परिवार सुरक्षित बच सका।

जानकारी के अनुसार, मकान के पहले फ्लोर पर प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस था, जबकि दूसरे फ्लोर पर परिवार रहता था और तीसरे फ्लोर पर किचन बना हुआ था। हर मंजिल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था थी, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गई।

फायर स्टेशन अधिकारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सरोजनीनगर और आलमबाग फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। समय रहते पहुंचकर टीम ने अंदर फंसे लोगों और पालतू कुत्ते को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने कहा कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article