औरैया: बिधूना कस्बे की सब्जी मंडी स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दहेज में अतिरिक्त रुपये और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि एसी न चलने और खाने की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा कर दिया गया और बात बढ़ने पर बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इस घटना से जहां वधू पक्ष के लोगों में आक्रोश है, वहीं शादी का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी राज बहादुर सिंह की बेटी रिया की शादी 11 मार्च को कानपुर नगर के थाना मंधना क्षेत्र के गांव परघाई निवासी नितिन उर्फ उदय के साथ तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से बिधूना कस्बे के सब्जी मंडी स्थित एक गेस्ट हाउस में पहुंची। यहां परंपरागत तरीके से बारात का स्वागत किया गया और द्वाराचार की रस्म भी हंसी-खुशी संपन्न हुई।
वधू पक्ष का आरोप है कि तिलक की रस्म के दौरान अचानक दूल्हा पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी। बताया गया कि दूल्हा पक्ष ने पांच लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और चेन देने की मांग की। वधू पक्ष ने जब अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो दूल्हा पक्ष के कुछ लोग नाराज हो गए और कार्यक्रम में व्यवधान डालना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष ने गेस्ट हाउस के कमरे में एसी ठीक से न चलने और भोजन की गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाकर विवाद खड़ा कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। वधू पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे के मामा ने वधू के चाचा और भाई के साथ हाथापाई भी की, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
वधू पक्ष के शैंकी ने बताया कि सगाई के समय 1.80 लाख रुपये और तिलक में 51 हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। इसके बावजूद दूल्हा पक्ष ने अचानक अतिरिक्त मांग कर दी और मांग पूरी न होने पर बारात वापस ले जाने का निर्णय कर लिया। बारात के लौट जाने से शादी की सारी तैयारियां और खुशियां पल भर में खत्म हो गईं। शादी के लिए बनाया गया भोजन और लाखों रुपये का सामान बेकार रह गया।
घटना के बाद दुल्हन रिया गहरे सदमे में आ गई और उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए कानपुर ले जाया। इस घटना से दोनों परिवारों के बीच काफी तनाव की स्थिति बन गई।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहां बारातियों और जनातियों के बीच आपसी विवाद की स्थिति थी। दोनों पक्षों को समझाने के बाद मामला शांत कराया गया। बाद में दोनों पक्षों ने कोतवाली में आपसी सहमति से समझौता कर लिया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई


