बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हसौरा निवासी ऊधल उर्फ उदयवीर (40) पिछले पांच वर्षों से घर-परिवार से अलग रह रहे थे। वह बिना किसी को बताए घर से चले गए थे और इसके बाद कभी परिजनों से संपर्क नहीं किया। शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शनिवार को सदर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को फोन पर सूचना दी कि ऊधल उर्फ उदयवीर की बीमारी के चलते जिला अस्पताल में मौत हो गई है। बताया गया कि वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। सूचना मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे।
मृतक के भाई श्याम सिंह ने बताया कि उदयवीर करीब पांच साल पहले घर छोड़कर चले गए थे। उनकी शादी नहीं हुई थी और उन्होंने कभी यह नहीं बताया कि वह कहां रह रहे हैं। परिवार को उनकी स्थिति की कोई जानकारी नहीं थी, जिससे अचानक मिली मौत की सूचना से परिजन स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को गांव हसौरा ले गए, जहां विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।


