नई दिल्ली: दिल्ली (Delhi) में रविवार को कनॉट प्लेस स्थित एक पांच सितारा होटल की 12वीं मंजिल से कूदकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या (suicide) कर ली। दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परविंदर सिंह जुनेजा के रूप में हुई है, जो शहर के लाजपत नगर निवासी थे। पुलिस ने बताया कि सिंह कथित तौर पर होटल में दाखिल हुए और लिफ्ट से 12वीं मंजिल पर गए, जहां एक रेस्तरां स्थित है, और फिर इमारत से कूद गए।
पुलिस को रविवार दोपहर करीब 12 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीमें मौके पर पहुंचीं और कानूनी कार्यवाही शुरू की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जुनेजा क्रिसमस के दौरान होटल में ठहरे थे और बाद में चेक आउट कर गए थे। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


