अमृतपुर/फर्रुखाबाद: माघ पूर्णिमा (Magh Purnima) के पावन अवसर पर ग्राम हरिहरपुर के समीप स्थित प्राचीन मारवाणी मणि भोले बाबा मंदिर (Marwani Mani Bhole Baba Temple) परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का आयोजन हरिहरपुर निवासी मनोज सिंह, अरुण ठाकुर, बल्ली सिंह एवं लखन सिंह के सहयोग से किया गया। माघ पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान हेतु गंगा तट पहुंचे और स्नान उपरांत लौटते समय मंदिर में भोले बाबा के दर्शन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजक अरुण सिंह ने बताया कि मारवाणी मणि भोले बाबा मंदिर एक अत्यंत प्राचीन व पवित्र स्थल है, जहां क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यहां प्रतिवर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है और इस वर्ष माघ पूर्णिमा के शुभ अवसर पर विशेष भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारे में गांव के युवाओं ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में भाग लिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर भोजन कराया गया, वहीं सड़क मार्ग से गुजर रहे यात्रियों को भी रोककर प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने सफल आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।


