भुवनेश्वर: भुवनेश्वर-पुरी राष्ट्रीय राजमार्ग-316 (Bhubaneswar-Puri National Highway) पर मंगलपुर के पास मंगलवार को जमालपुर इलाके में एक सड़क हादसे (road accident) में एक ओडिया टीवी चैनल की महिला पत्रकार और एक अन्य महिला की जान चली गई। मृत पत्रकार की पहचान शीला पट्टानायक के रूप में हुई है, जो एक अन्य महिला के साथ भुवनेश्वर से पुरी जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
सूत्रों के अनुसार, उनकी स्कूटी सड़क पर पड़ी रेत पर फिसल गई और एक तेज रफ्तार निजी बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। शीला पट्टानायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) भेजा गया। घटना के बाद बस चालक ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने महिला पत्रकार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “न्यूज़-7 इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की युवा पत्रकार शीला पट्टनायक के दुखद निधन की खबर सुनकर मैं अत्यंत व्यथित हूं। उन्होंने मीडिया जगत में एक जिम्मेदार पत्रकार के रूप में ख्याति अर्जित की थी। पत्रकारिता जगत के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।” मुख्यमंत्री ने उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


