14 C
Lucknow
Wednesday, February 4, 2026

नमाज से लौट रहे केंद्रीय कारागार के सिपाही पर हिस्ट्रीशीटर का हमला, रंगदारी न देने पर की मारपीट

Must read

इटावा: शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुनैरा मोहल्ले में नमाज अदा (namaz) कर लौट रहे केंद्रीय कारागार में तैनात सिपाही (Central Jail constable) अर्श मलिक पर हिस्ट्रीशीटर अखिल उर्फ सिकंदर ने हमला कर दिया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने सिपाही से रंगदारी की मांग की, विरोध करने पर उसकी कार को आगे लगाकर रोक लिया और जबरन सिपाही को वाहन से खींचकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान आरोपित ने सिपाही की कार में जमकर तोड़फोड़ भी की, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना उस समय हुई जब सिपाही अर्श मलिक कुनैरा स्थित मस्जिद से नमाज पढ़कर अपनी कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर अखिल उर्फ सिकंदर अपनी स्कॉर्पियो कार से वहां पहुंचा और रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हमले में सिपाही को चोटें आईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को उपचार के लिए मेडिकल परीक्षण हेतु भेजा। पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। देर रात पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपित हिस्ट्रीशीटर अखिल उर्फ सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित की स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article