मुढ़ी-करमपुर मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार गिट्टी से लदे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मारने के बाद महिला को कुचल दिया। हादसे के समय महिला के पति और दो बच्चे भी साथ थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अयाना थाना क्षेत्र के प्यागपुर निवासी सुरेंद्र सिंह पंजाब में निजी नौकरी करते हैं, जबकि उनका परिवार औरैया के मोहल्ला गायत्री नगर में रहता है। 10 फरवरी को वह बहन अनुराधा की शादी में शामिल होने परिवार सहित गांव आए थे। शादी के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह पत्नी रिंकी देवी (32) और बच्चों के साथ स्कूटी से औरैया स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर हुलासराय निवासी तेज सिंह व नवीन के खेत के सामने तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रिंकी देवी सड़क पर गिर पड़ीं और डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने डंपर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। पत्नी की आंखों के सामने मौत होने से सुरेंद्र सिंह बदहवास हो गए, जबकि बेटे प्रिंस और ऋषभ का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डंपर को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


