– साधारण परिवार से निकलकर देश की कठिनतम परीक्षा में शानदार सफलता, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
यूथ इंडिया डेस्क
शामली: कड़ी मेहनत और मजबूत हौसलों के दम पर एक परचून दुकानदार की बेटी ने देश की सबसे कठिन परीक्षा मानी जाने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी ) में शानदार सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया। आस्था जैन ने पहले ही प्रयास में आईपीएस बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था और दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा कर लिया।
आस्था जैन का परिवार एक साधारण पृष्ठभूमि से आता है। उनके पिता एक छोटे से परचून (किराना) की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा आस्था की पढ़ाई और सपनों को प्राथमिकता दी। इसी का परिणाम है कि आस्था ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
आस्था जैन बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहीं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान ही सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था। लगातार मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति के साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की।
पहले प्रयास में ही उन्होंने आईपीएस के लिए चयन प्राप्त कर लिया, लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था। इसलिए उन्होंने हार नहीं मानी और तैयारी जारी रखी। दूसरे प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।


