16 C
Lucknow
Saturday, February 7, 2026

दिल्ली सरकार का एक साल पूरा होने पर 8 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम

Must read

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार (Delhi Government) 8 फरवरी यानी रविवार को रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में एक बड़े और भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर CM रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट और सरकार के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। यह आयोजन राजधानी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी की जीत के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इस मंच से दिल्ली सरकार 500 नई ई-बसों के परिचालन की घोषणा कर सकती है, जिससे राजधानी के परिवहन ढांचे को और मजबूत किया जा सके। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई नई और महत्वाकांक्षी योजनाएँ पेश की जा सकती हैं। सरकार का फोकस मुख्य रूप से पर्यावरण अनुकूल परिवहन, ट्रैफिक दबाव कम करना और प्रदूषण से राहत देने पर रहेगा।

2025 के विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी 2025 को ही सामने आए थे, और इसी वजह से बीजेपी ने इस बड़े कार्यक्रम की तैयारियाँ तेज कर दी हैं। सभी बीजेपी विधायकों और सांसदों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक कैबिनेट मंत्री को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर जनता को कार्यक्रम से जोड़ा जा सके। दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक सीधे पहुँचा सकेगी और फीडबैक ले सकेगी।

ठीक एक साल पहले हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को हराकर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी। 70 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी ने 48 सीटें जीतीं। वहीं, आम आदमी पार्टी की सीटें 62 से घटकर 22 हो गई थीं।

इसी क्रम में आज दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर दिल्ली बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रणनीति और रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। सरकार इस मंच के माध्यम से यह संदेश देना चाहती है कि बीते एक साल में किए गए वादों को जमीन पर उतारने के ठोस कदम उठाए गए हैं और आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज होगी।

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article