फर्रुखाबाद ब्यूरो। श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री राम विविध कला केंद्र के सौजन्य से निकाली गई इस शोभा यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
शोभा यात्रा रेलवे रोड स्थित बीएस मेंशन से प्रारंभ होकर चौक, नेहरू रोड, घूमना बाजार होते हुए बस अड्डा बीएस गार्डन पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाई एक ही रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे थे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
शोभा यात्रा के अग्रभाग में मां काली का अखाड़ा चल रहा था, वहीं मां भगवती दुर्गा की भव्य झांकी ने सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
यात्रा को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल भी शोभा यात्रा के साथ तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष संदीप दीक्षित, मंत्री दीपक मिश्रा, कार्यकारिणी अध्यक्ष शिवम राजपूत, भैरव दास, विनोद अनहोत्री, आनंद प्रकाश गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, विमलेश मिश्रा, आदित्य दीक्षित, सौरभ मिश्रा, पीयूष कसेरे, क्रांति पाठक, विजय दुबे, मटर लाल, बृजेश मिश्रा, राजेंद्र दीक्षित, सुरेंद्र पांडे, आशुतोष मिश्रा, कन्हैया गुप्ता, सुधीर चौरसिया, संजय गर्ग, गौरव गुप्ता, सुदामा टंडन, सौरभ बाजपेई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शोभा यात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया, बल्कि शहर में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी सशक्त संदेश दिया।


