कन्नौज: पवित्र रमजान माह की रौनक के बीच गुरसहायगंज कस्बे में टीम जुनैद एवं ओसिस ग्रुप की ओर से भव्य दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से रोजेदारों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। इफ्तार के समय पूरा पंडाल दुआओं और आपसी सौहार्द के माहौल से गूंज उठा।
इफ्तार से पूर्व धार्मिक विद्वानों द्वारा रमजान की अहमियत और रोजे की फजीलत पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना इंसान को सब्र, त्याग और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है। जैसे ही अजान की आवाज गूंजी, रोजेदारों ने खजूर और पानी से रोजा खोला तथा फल मिठाई इत्यादि का सेवन किया और मुल्क में अमन चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
कार्यक्रम में ओसिस ग्रुप के अध्यक्ष साजिद इफ्तिखार, पूर्व विधायक ताहिर सिद्दीकी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जुनैद सिद्दीकी, अकबर खान, प्रधान खालिद मिनहाज खान शाहिद सहित क्षेत्र के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दावत-ए-इफ्तार का उद्देश्य केवल रोजा खोलना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया था, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
इफ्तार के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर रमजान की मुबारकबाद दी। हजारों की मौजूदगी में संपन्न हुआ यह कार्यक्रम गुरसहायगंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और सामाजिक एकता का मजबूत संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


