स्कूल समय में चापलूसी का जलसा: शिक्षकों ने अधिकारी का फूल माला से स्वागत कर उड़ाई शिक्षा व्यवस्था की धज्जियां

0
57

फर्रूखाबाद। शिक्षा विभाग में अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था की दुहाई देने वाले शिक्षक ही अब शिक्षा प्रणाली की साख पर बट्टा लगा रहे हैं। मामला विकासखंड कमालगंज का है जहां नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह के स्वागत में स्कूल समय में ही शिक्षकों की पूरी फौज बीआरसी परिसर पहुंच गई।शिक्षकों ने अधिकारी को फूल मालाओं से लाद दिया, मिठाइयाँ खिलाईं और उपहार देकर चापलूसी की हदें पार कर दीं। स्वागत समारोह के दौरान खुद खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह भी मुस्कुराते नजर आए, मानो यह सब बिल्कुल सामान्य हो।बताया जा रहा है कि अब तक बढ़पुर और कमालगंज दोनों ब्लॉकों का प्रभार सुरेश चंद्रपाल के पास था। शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की मंशा से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने कमालगंज का चार्ज अब अनूप कुमार सिंह को सौंपा है। लेकिन जैसे ही श्री सिंह बीआरसी पहुंचे, शिक्षा सुधार की जगह दिखा स्वागत शो और वह भी क्लास टाइम में,प्रश्न यह उठता है कि जब शिक्षक स्कूल छोड़कर बीआरसी में स्वागत करने पहुंचेंगे, तो बच्चों को कौन पढ़ाएगा, स्कूल समय में बीआरसी परिसर में ऐसा तमाशा होना शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।इस पूरे मामले पर जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी से बात की गई, तो उन्होंने कहा मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्यवाही की जाएगी।शिक्षा विभाग के अंदर इस तरह की चापलूसी संस्कृति ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या अब बच्चों की शिक्षा से ज्यादा अहम हो गया है अधिकारियों का स्वागत समारोह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here