23 C
Lucknow
Saturday, April 4, 2026

झोपड़ी में लगी आग, सामान और भूसा जलकर राख

Must read

 

औरैया
अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गांव किनारे बनी एक झोपड़ी में लगी इस आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, जिससे झोपड़ी के नीचे रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी आग बुझाने में जुट गए।

जानकारी के अनुसार, यह घटना नहर किनारे बसे गांव पुर्वा थाना में हुई, जहां शिवराज पुत्र वीरनारायण यादव की झोपड़ी में करीब सवा दो बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन तेज लपटों ने देखते ही देखते झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और नहर तथा पास में लगे हैंडपंप से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों की सूझबूझ और तत्परता से आग को फैलने से रोका गया। बाद में सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरी तरह आग पर काबू पाया गया।

पीड़ित शिवराज ने बताया कि झोपड़ी के नीचे गेहूं, आटा, कपड़े और दुकान का सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जल गया। इसके अलावा पास में रखा भूसा भी आग की चपेट में आकर राख हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास में खड़ी गेहूं की फसल भी जलकर नष्ट हो सकती थी। आग तेजी से फैल रही थी और कुछ ही दूरी पर खेत मौजूद थे, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका बनी हुई थी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सतर्क हो गए हैं। प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आग से बचाव के उपायों को अपनाने और सावधानी बरतने की अपील भी की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article