24 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

शराब के नशे में गाली देने का विवाद बना हिंसक, युवक पर लाठी-डंडों और ब्लेड से हमला

Must read

कायमगंज के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मारपीट, पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल

फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर इलाके में आपसी विवाद ने रविवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। बीती शाम शराब के नशे में पड़ोसी को गाली देने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट में बदल गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर निवासी सुभाष (22) पुत्र रामसिंह यादव ने शनिवार शाम शराब के नशे में अपने पड़ोसियों को गालियां दे दी थीं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। रविवार सुबह जब सुभाष अपने घर से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे सनी, विवेक पुत्र अनिल, आर्यन पुत्र अनिल और छोटू सहित अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि सभी ने मिलकर सुभाष को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इसी दौरान विवेक ने ब्लेड से भी हमला कर दिया, जिससे सुभाष घायल हो गया। सुभाष के अनुसार, उसने किसी तरह ब्लेड छीनकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था।

घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस द्वारा घायल सुभाष का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article