नवाबगंज (फर्रुखाबाद): थाना क्षेत्र नवाबगंज में मंगलवार शाम एक शादी समारोह (marriage) दहेज विवाद (dowry dispute) की भेंट चढ़ गया। वर पक्ष द्वारा दहेज से असंतोष जताए जाने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके चलते वधू ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा और रातभर पंचायत चलती रही।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर के थाना परौर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पुत्री की शादी नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय की थी। विवाह में तीन लाख रुपये नकद और अन्य दहेज सामग्री देने की बात तय हुई थी। मंगलवार शाम वधू पक्ष अपने रिश्तेदारों के साथ गेस्टहाउस में बारात की अगवानी के लिए पहुंचा और दहेज का सामान भी साथ लाया गया।
गेस्टहाउस में दहेज के सामान को लेकर वर पक्ष ने असंतोष जताया। आरोप है कि इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों में धक्का-मुक्की और हाथापाई होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने चलने को कहा।
थाने में रातभर चली पंचायत
रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां एक-दूसरे पर दहेज मांगने और मारपीट के आरोप लगाए गए। रातभर पंचायत चलती रही, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इस दौरान वधू ने आरोप लगाया कि उसके भाई के साथ मारपीट की गई है। घटना से आहत वधू ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। बुधवार सुबह तक थाने में वार्ता जारी रही। अंततः दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। हालांकि शादी नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।


