फ्रेंड्स होंडा एजेंसी मालिक सुशित कटियार ने दर्ज कराया मुकदमा
फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र में होली के चंदे के नाम पर दबंगई के मामले में नवीन कटियार राजीव कटियार भतीजे समरजीत निवासी टीला मसेंनी थाना कादरी गेट पर फ्रेंड्स होंडा एजेंसी नेकपुर के मालिक सुशित कटियार पुत्र महेन्द्र पाल सिंह कटियार मूल निवासी चांदपुर की तहरीर पर लूट, रंगदारी जैसी संगीन धाराओं में थाना कादरी गेट में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोग आवास विकास स्थित उनकी कोठी पर पहुंचकर जबरन होली चंदा के नाम पर एक लाख रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ बेल्टो से मारपीट भी की और तो और जेब में रखे पांच हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
बताया गया कि सुशित कटियार आवास विकास कॉलोनी स्थित अपनी कोठी के गेट पर
4 मार्च 2026 को दोपहर लगभग तीन बजे अपने घर के गेट पर खड़े होकर अपने अतिथियों से बातचीत कर रहे थे। उसी समय नवीन कटियार पुत्र सुखदेव, समरजीत कटियार पुत्र नवीन कटियार और राजीव कटियार पुत्र अमर सिंह निवासी टीला, निकट आवास विकास थाना कादरीगेट तथा उनके साथ आधा दर्जन अज्ञात लोग वहां पहुंच गए।पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने होली का चंदा बताते हुए एक लाख रुपये की मांग की।
उन्होंने कहा कि तुम्हारे पास मोटरसाइकिल एजेंसी है, इसलिए एक लाख रुपये देना पड़ेगा। जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो आरोपी भड़क गए।आरोप है कि सभी लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और व्यापारी को जमीन पर गिराकर बेल्ट व हाथ-पैर से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी जेब में रखे 5 हजार रुपये भी निकाल लिए और धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
घटना के दौरान पड़ोसी डॉ. यूएस तिवारी ने मारपीट होते देख पुलिस को सूचना दी। पीड़ित का आरोप है कि जब वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाना कादरीगेट पहुंचे तो आरोपी वहां के पास स्थित मिशन अस्पताल के बाहर भी उन्हें धमकाते नजर आए।
पीड़ित कटियार ने बताया कि आरोपी अक्सर जबरन चंदा मांगते हैं और पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।


