अयोध्या जनपद के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुर्का पहने एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और मौका पाकर सोने का हार व चेन लूटकर फरार हो गई। विरोध करने पर उसने पिस्टल निकालकर दुकानदार को धमकाया और बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक से भाग निकली।
घटना मोहल्ला कोठी बाजार स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वेलर्स की है। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे महिला दुकान पर आई और सोने का हार व चेन दिखाने को कहा। उसने बातचीत के दौरान दुकानदार से पानी और फिर मिठाई मंगवाने के बहाने कर्मचारियों को बाहर भेज दिया, जिससे दुकान में मौजूद लोगों की संख्या कम हो गई।
इसी दौरान महिला ने मौका देखकर काउंटर पर रखा करीब 26 ग्राम का सोने का हार और चेन उठा लिया। जब दुकानदार महेश ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने कमर से पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी और तेजी से बाहर निकल गई। दुकानदार और कर्मचारी ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पहले से खड़े साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी भागते हुए नजर आए हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।


