लखनऊ। उत्तर प्रदेश की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की है। इस फैसले से प्रदेश की लगभग 3.10 लाख कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को लाभ मिलेगा।
वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 8,000 रुपये तथा सहायिकाओं को 4,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद इसमें वृद्धि की जाएगी। हालांकि बढ़ी हुई राशि और लागू होने की तिथि को लेकर विस्तृत आदेश शीघ्र जारी होने की संभावना है।
मानदेय वृद्धि के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग में रिक्त पड़े 69,206 पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। सरकार का दावा है कि इससे बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जमीनी स्तर पर पोषण एवं बाल विकास सेवाएं मजबूत होंगी।
प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही थीं। विभिन्न संगठनों द्वारा समय-समय पर प्रदर्शन और ज्ञापन भी दिए गए थे। ऐसे में सरकार की यह घोषणा चुनावी माहौल में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सरकार का कहना है कि मानदेय वृद्धि से कार्यकत्रियों का मनोबल बढ़ेगा और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण, टीकाकरण और बाल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में और मजबूती आएगी।फिलहाल, विस्तृत शासनादेश जारी होने का इंतजार है, जिसके बाद बढ़े हुए मानदेय की सटीक राशि स्पष्ट हो सकेगी।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ा तोहफा मानदेय बढ़ाने की घोषणा, 69 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी


