शाहजहांपुर में कानून-व्यवस्था पर सीधा तमाचा मारने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक रेस्टोरेंट (मैरिज लॉन) मालिक ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि मालिक ने अपने वेटर और मुनीम के साथ मिलकर एक गरीब कारीगर को रेस्टोरेंट के अंदर जबरन बंद कर लिया, ताला डाल दिया और फिर उस पर लोहे की रॉड से बर्बर हमला किया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि पीड़ित का हाथ टूट गया और वह दर्द से तड़पता रहा।
थाना बंडा क्षेत्र के बृजपाल नगर कॉलोनी निवासी रविंद्र राठौर के अनुसार, वह सोमवार शाम करीब सात बजे रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। तभी रेस्टोरेंट मालिक वहां पहुंचा और बिना किसी वजह उसका नाम लेकर अश्लील गालियां देने लगा। जब कारीगर ने विरोध करने की हिम्मत दिखाई तो दबंग मालिक ने कानून को जेब में डालते हुए अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया।
पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर जान से मारने की नीयत से पीटा। लोहे की रॉड से किए गए हमले में उसका हाथ टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हैवानियत यहीं नहीं रुकी—मारपीट के बाद आरोपी ने तमंचा निकालकर पीड़ित के सिर पर तान दिया और धमकी दी कि अगर दोबारा आसपास भी दिखाई दिया तो उसे गोली मार दी जाएगी। इसके बाद अधमरे हालत में कारीगर को रेस्टोरेंट से बाहर फेंक दिया गया।
पीड़ित ने यह भी खुलासा किया कि मारपीट में शामिल दोनों अन्य आरोपी रेस्टोरेंट मालिक के खास—एक वेटर और दूसरा मुनीम हैं, जो पूरी वारदात में बराबर के हिस्सेदार रहे। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस दबंग रेस्टोरेंट मालिक और उसके गुर्गों पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई करेगी, या फिर यह मामला भी दबाव और पैसे के दम पर ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन पीड़ित को इंसाफ कब मिलेगा—यह देखने वाली बात होगी।


