21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

प्रेम प्रसंग में दरवाजा न खुलने से आहत 48 वर्षीय मजदूर ने खुद को मारी गोली, हत्या के आरोप से मामला गरमाया

Must read

 

इटावा। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 48 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया है और प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जनपद के थाना करहल क्षेत्र के मनौना गांव निवासी अनिल कुमार कठेरिया (48) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि उसका अपने साले सत्यनारायण की पत्नी लक्ष्मी के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अनिल की पत्नी का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद वह अक्सर इटावा जनपद के हलूपुरा गांव आता-जाता रहता था, जहां उसका साला रहता है।
बताया जाता है कि हाल ही में लक्ष्मी अपने पति सत्यनारायण के पास वापस लौट आई थी। इसी बात को लेकर अनिल कुमार कठेरिया गुरुवार को हलूपुरा गांव पहुंचा था। आरोप है कि वह लक्ष्मी को मनाने के उद्देश्य से उसके घर आया था, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इससे आहत होकर उसने कथित रूप से तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृतक की बहू ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि परिस्थितियां संदिग्ध हैं और सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article