कंपिल। क्षेत्र में रुपए के लेनदेन को लेकर बुलाई गई एक पंचायत उस समय हंगामे में बदल गई जब दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा फायरिंग किए जाने से मौके पर दहशत फैल गई और पंचायत में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है और मामले की जांच जारी है।
थाना क्षेत्र के गांव शंकरपुर हरहरपुर निवासी सरदार जुगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे रुपए के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत बैठाई गई थी। पंचायत में आसपास के गांवों के कई लोग भी मौजूद थे और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के पुत्र ने मौके पर पहुंचकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पंचायत स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की।
वहीं, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। प्रथम दृष्टया फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हुई है और लगाए गए आरोप गलत प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में है।


