29 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

ऐतिहासिक कुएं और सरकारी हैंडपंप पर कब्जे की कोशिश, मोहल्ले के लोगों में आक्रोश

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर क्षेत्र के मोहल्ला इमादपुर में ऐतिहासिक कुएं और सरकारी हैंडपंप पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मोहल्ले के लोगों ने इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला इमादपुर निवासी लगभग एक दर्जन लोगों—नरेंद्र सिंह, सुखलाल, विवेक कुमार, आदेश कुमार, उदयवीर, अनुज कुमार, रंजन सिंह, महेंद्र सिंह, राजेश कुमार समेत अन्य लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूखी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले का ऐतिहासिक कुआं, जो वर्षों से क्षेत्र की पहचान रहा है, तथा उसके पास स्थित सरकारी हैंडपंप पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है।
शिकायती पत्र में बताया गया कि रामसेवक पुत्र बेचेलाल और कन्हैयालाल द्वारा नींव खुदवाकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे उक्त कुआं और हैंडपंप कब्जे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हैंडपंप हर मौसम—चाहे गर्मी हो, सर्दी या बारिश—में पेयजल का प्रमुख स्रोत है, जिससे न केवल राहगीर बल्कि पूरे मोहल्ले के लोग पानी की जरूरत पूरी करते हैं।
मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य के जरिए कुएं और हैंडपंप पर कब्जा हो गया, तो क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा सकता है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूखी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पुलिस टीम के साथ मौके पर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में ऐतिहासिक कुएं और सरकारी हैंडपंप पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाकर कब्जा हटाया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article