कानपुर
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची की प्रति पांच मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों और दो राज्य स्तरीय दलों को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी लोगों—जनपदवासियों, राजनीतिक दलों, मीडिया प्रतिनिधियों, बीएलओ और संबंधित कार्मिकों—का आभार व्यक्त किया।
जारी आंकड़ों के अनुसार, कानपुर जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 28,51,060 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 15,35,294, महिला मतदाताओं की संख्या 13,15,656 तथा थर्ड जेंडर के 110 मतदाता शामिल हैं।
इसके अलावा, सूची में 23,919 दिव्यांग मतदाता भी दर्ज किए गए हैं। आयु वर्ग के अनुसार 18-19 वर्ष के 38,053 युवा मतदाता, 20-84 वर्ष के 27,99,560 मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 13,447 वरिष्ठ मतदाता शामिल हैं, जो लोकतंत्र में सभी वर्गों की भागीदारी को दर्शाता है।
विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार, बिल्हौर में 3,40,950, बिठूर में 3,44,036, कल्याणपुर में 2,64,636, गोविंद नगर में 2,57,330, सीसामऊ में 2,12,940, आर्य नगर में 2,21,779, किदवई नगर में 2,73,355, कानपुर कैंट में 2,69,396, महाराजपुर में 3,69,379 और घाटमपुर में 2,97,259 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी बताया कि अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 स्वीकृत किए गए, जिससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सका।


