फतेहपुर
थरियांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बहरामपुर पुल के पास दोपहर करीब 12:50 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पीआरवी 5617 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
बताया गया कि एक मोटरसाइकिल और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हुई, जो इतनी भीषण थी कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान रूपेश सोनकर (17), पुत्र पराने सोनकर, निवासी वार्ड नंबर 01, किशनपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल 13 वर्षीय फोटो सोनकर, पुत्र राजू सोनकर को गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है, जिससे घर में कोहराम मच गया है।
थाना थरियांव पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


