उत्तर प्रदेश के हरदोई में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) की जनपदीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सनातन धर्म इंटर कॉलेज में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव रहा। इसमें लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रांतीय महामंत्री आशीष कुमार सिंह के चुनाव लड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश तय किए गए।
इसके साथ ही संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। इस समस्या को लेकर संगठन ने आगे संघर्ष की रूपरेखा तैयार करने पर सहमति जताई, ताकि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के बाद जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात कर वेतन निर्गमन में हो रही देरी पर चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के खातों में जल्द ही वेतन भेज दिया जाएगा।
बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और कार्यक्रम का संचालन वीरभानु सिंह यादव ने किया। अंत में जिला अध्यक्ष आलोक सिंह ने सभी उपस्थित शिक्षकों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।


