लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने स्मार्ट मीटर (smart meters) की शिकायतों पर सख्त रूख अपनाया है। उन्होंने कहा कि शिकायतों की विशेषज्ञ समिति बनाकर जांच कराएं। CM ने कहा बिना गलती किसी का कनेक्शन न काटा जाए। ऊर्जा मंत्री और पावर कॉर्पोरेशन MD फील्ड में उतरें। उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण करें। शिकायतों का समुचित समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निर्बाध और पारदर्शी बिजली आपूर्ति प्राथमिकता हैं। कृषि फीडरों का पृथक्करण समय से पूरा कराएं। गर्मी में पीक डिमांड पूरी करने की तैयारी रखें। ‘न्यूनतम 5 आवास वाले मजरों में विद्युतीकरण कराएं। पीएम कुसुम योजना से ज्यादा किसानों को जोड़ें। ऐसी कार्रवाई न करें कि आम आदमी परेशान हो। ओवरबिलिंग की शिकायतों की गहन जांच होगी। ईमानदार उपभोक्ता को कोई परेशानी नहीं होगी।
साथ ही बिजली बिल कम करने को लेकर सीएम योगी ने अफसरों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पावरलूम बुनकरों के बिजली बिल को कम करने के लिए व्यवहारिक कार्ययोजना बनाएं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस संबंध में हथकरघा विभाग और पावर कॉर्पोरेशन मिलकर कार्ययोजना तैयार करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उपभोक्ता स्वाभाविक रूप से ईमानदार होता है और यदि उसे समय पर सही बिल प्राप्त हो, तो वह भुगतान करने में कोई हिचक नहीं करता। उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समुचित और समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आम उपभोक्ता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


