कानपुर
हालिया आंधी और तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पुराने पेड़ गिर गए, जिससे सड़कों, बिजली के खंभों और स्थानीय संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। इस आपदा में कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान भी ढह गए, जिससे प्रभावित लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने खुद मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है। उन्होंने जिलाधिकारी से बातचीत कर निर्देश दिए कि जिन लोगों के मकान गिरे हैं, उनका तत्काल सर्वे कराकर सूची तैयार की जाए और उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।
विधायक ने एसडीएम सदर को भी निर्देशित किया कि सभी लेखपालों को तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाए, ताकि वार्डवार नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आपदा के बाद नगर निगम, वन विभाग और बिजली विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। गिरे हुए पेड़ों को हटाने और सड़कों को साफ करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, ताकि आवागमन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
विधायक ने अधिकारियों के साथ मौके पर बैठक कर सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को मुख्यमंत्री स्तर तक उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मिल सके।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक सभी सड़कों से मलबा हटाकर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक राहत और पुनर्वास का अभियान लगातार जारी रहेगा।


