फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बुखार से पीड़ित एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम रजला मई निवासी रागिनी की तीन वर्षीय पुत्री आरोही पिछले चार-पांच दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी। परिजनों ने पहले उसका इलाज कस्बे के एक निजी अस्पताल में कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद बच्ची को कायमगंज के एक बाल रोग विशेषज्ञ के पास भर्ती कराया गया, जहां भी उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे जनपद के अन्य निजी अस्पतालों में ले गए, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद चिकित्सक उसे बचा नहीं सके और उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि बच्ची की मां रागिनी मूल रूप से कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घसिया चिलौली की रहने वाली है। पति की मृत्यु के बाद वह अपनी पुत्री के साथ मायके ग्राम रजला मई में रह रही थी।
मंगलवार को मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
बुखार से जूझ रही 3 वर्षीय मासूम की उपचार के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम


