लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मृत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को बड़ी राहत देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब आवेदन से लेकर नियुक्ति पत्र जारी होने तक की पूरी प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आवेदकों को भटकना नहीं पड़ेगा।
इस संबंध में एम. देवराज, प्रमुख सचिव (कार्मिक) द्वारा सभी विभागों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को शासनादेश जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। शासन के अनुसार, यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली 1974 (संशोधित) के तहत लागू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत आवेदक को मानव संपदा पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सभी आवश्यक सूचनाएं भरनी होंगी और आवेदन को अंतिम रूप से लॉक करना होगा। इसके बाद संबंधित विभागों द्वारा ऑनलाइन ही जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदक अपने आवेदन की स्थिति भी रियल टाइम में देख सकेगा।
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति पत्र ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकेगा, साथ ही उसकी प्रति ई-मेल या व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेजी जाएगी। वर्तमान में लंबित सभी मामलों को 31 मई तक ऑनलाइन प्रणाली में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस नई व्यवस्था से न केवल प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी पर भी रोक लगेगी, जिससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिल सकेगी।


