23 C
Lucknow
Monday, April 6, 2026

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, 2027 में दोहराएंगे मजबूत प्रदर्शन का संकल्प

Must read

 

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को पूरे उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास, उत्साह और संगठनात्मक शक्ति के प्रदर्शन के साथ मनाया गया। प्रदेश मुख्यालय समेत सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान नेताओं ने भाजपा की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संगठन की ताकत को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, विचार और संकल्प का आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन दोहराने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश “प्रश्न प्रदेश” के रूप में जाना जाता था, जहां कानून-व्यवस्था, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और विकास को लेकर सवाल ही सवाल थे। लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इन सभी चुनौतियों का समाधान कर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक के संघर्ष, तपस्या और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन की विचारधारा को मजबूत करने और आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article