अमृतपुर फर्रुखाबाद
जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र से लापता हुए व्यक्ति का शव सोमवार को थाना अल्लाहगंज क्षेत्र में रामगंगा नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम महेशपुर निवासी जगन्नाथ सिंह पुत्र दर्गपाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रामवीर (लगभग 53 वर्ष) दिनांक 4 अप्रैल 2026, शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे अपने घर से बाइक द्वारा अपने मौसा बृजेश कुमार सिंह पुत्र पराग सिंह निवासी ग्राम जैनापुर के यहां गया था।
बताया गया कि रामवीर 5 अप्रैल, रविवार को सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच जैनापुर से अपने घर महेशपुर के लिए निकला, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना राजेपुर में प्रार्थना पत्र दिया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोमवार को दोपहर 1:06 बजे गुमशुदगी दर्ज कर जांच उप निरीक्षक आशुतोष को सौंपी। रामवीर के पास उसकी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (संख्या यूपी 76 एएम 8605) भी थी, जो घटना के बाद से गायब है।
इसी बीच सोमवार 6 अप्रैल को थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर के सामने रामगंगा नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामवीर के रूप में कराई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रामवीर को व्यापार में घाटा हो गया था और कर्ज के चलते वह काफी परेशान रहता था। शव के बाएं हाथ के पंजे में हल्की सूजन पाई गई, जबकि शरीर पर अन्य कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


