ललितपुर कोतवाली पुलिस ने मेले और धार्मिक शोभायात्राओं में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब ढाई लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें मोबाइल फोन और आभूषण शामिल हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह कार्रवाई हाल ही में हनुमान जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हुई चोरी की घटनाओं के बाद की गई। शोभायात्रा में शामिल लोगों की चेन, मंगलसूत्र और मोबाइल फोन चोरी होने की कई शिकायतें सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए थे।
शनिवार को सदर कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दस मोबाइल फोन, पीली धातु के मोती व लॉकेट, लाल मोतियों की माला और दो सफेद धातु के लॉकेट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ग्यारस आदिवासी (21), अंगत सहरिया (24), अजय आदिवासी (20), शिव आदिवासी (22), रोहित सहरिया (करीब 20) और गिरजा (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 अप्रैल 2026 को मोबाइल चोरी की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद तीन अलग-अलग पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे और भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर मेलों और धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाते थे। उन्होंने उर्स मेला और हनुमान जयंती के जुलूस में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।


