संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के अवकाश पर होने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुरादाबाद परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक मुनिराज-जी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को उन्होंने पुलिस बल के साथ थाना बहजोई क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी आलोक भाटी और क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
शाम करीब 4 बजे शुरू हुई इस गश्त के दौरान डीआईजी ने कस्बे के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति जानी और उनकी समस्याएं भी सुनीं। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा।
डीआईजी मुनिराज-जी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की, जिससे अपराध पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित गश्त जारी रखें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें। एसपी के अवकाश पर होने के कारण डीआईजी लगातार जिले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और एक सप्ताह में दूसरी बार दौरा कर चुके हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आ रही है।


