संभल यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। कुल 2,48,089 कॉपियों की जांच मात्र 15 दिनों में पूरी कर ली गई। इसके साथ ही अब बोर्ड परीक्षा परिणाम एक सप्ताह के भीतर जारी होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों में उत्सुकता बढ़ गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार के अनुसार, इंटरमीडिएट की 1,13,892 और हाईस्कूल की 1,34,199 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। यह कार्य जनपद के पांच केंद्रों—एसएमई इंटर कॉलेज चंदौसी, इंटरमीडिएट इंटर कॉलेज बहजोई, हीरादेवी इंटर कॉलेज बहजोई, शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल और आचार्य मुक्तेश हकीम रईस इंटर कॉलेज संभल—में संपन्न हुआ।
मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी रखी गई। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि कंट्रोल रूम से भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। परीक्षकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया था और बिना आईडी किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
गौरतलब है कि इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की गई थीं, जिसमें संभल जनपद से कुल 51,432 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। प्रशासन ने तय समय सीमा में मूल्यांकन पूरा कर लिया है, जिससे अब परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने की उम्मीद है।


